Adsense

Sunday, 6 May 2018

How to make nutritious stuffed Moong Dal Cheela - स्टफ्ड मूंग दाल चीला

रोज़ रोज़ एक सा खाना, बच्चों के मुँह से यह सुनना और पति का कहना कि स्वास्थ्य के लिए घर का बना खाना ही अच्छा होता है मुझ असमंजस मे डाल देता है। ये तो सच ही है घर का खाना हर तरह से उत्तम है पर एक ट्विस्ट तो बनता है। यही सोचकर मैंने आज बच्चों को रोज़ से अलग पर पौष्टिक मूंग दाल स्टफ्ड चीले बनाकर खिलाए जिसे खाकर बच्चे भी खुश हो गए और हम भी कि बच्चों ने प्यार व स्वाद से खाया।

छुट्टियां आ रही है आप भी बनाइए बच्चों को बहुत पसंद आएगा।

सामग्री -
  • 400 ग्राम धुली मूंग दाल 
  • 2 टी स्पून चना दाल 
  • 2 टी स्पून उड़द की धुली दाल 
  • एक बारीक कटी शिमला मिर्च (एक कटोरी)
  • दो प्याज बारीक कटी हुई 
  • बारीक कटी पत्ता गोभी एक कटोरी 
  • पांच हरी मिर्च बारीक कटी 
  • कद्दू कस किया दो चम्मच अदरक 
  • थोड़ा सा बारीक कटा हरा धनिया 
  • 150 ग्राम चूरा किया पनीर
  • दो चम्मच देसी घी 
  • दो चम्मच सूखा धनिया पाउडर 
  • एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर 
  • एक चम्मच पानी पूरी मसाला
  • दो लौंग, पांच काली मिर्च मोटी कुटी
  • स्वाद के अनुसार नमक 
  • चीले बनाने के लिए देसी घी अलग





विधि -

1) दालों को चार से पांच घंटे के लिए अलग अलग भिगो दे फिर पानी से निकालकर धोकर अलग कर ले। अब थोड़ा साफ पानी डालकर दालों को एकसाथ पीस ले और थोड़ा नमक डालकर मिलाकर अलग बर्तन में निकाल ले।


2) अब चीले मे भरने के लिए मसाला तैयार करने हेतु पहले कढ़ाई में दो चम्मच घी डालें।

3) घी गरम होने पर कुटी हुई मिर्च व लौंग डाले, भुन जाने पर कढ़ाई मे धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक डालकर मिलाऐ फिर कटी हरी मिर्च व अदरक डालें, प्याज़ डालकर भून ले।








4) हल्का भुन जाने पर शिमला मिर्च डालें और पांच मिनट के लिए कढ़ाई ढक दें। 


5) हल्का गल जाने पर पत्ता गोभी डालकर मिला ले और पनीर व पानी पूरी मसाला डालकर पाँच मिनट के लिए फिर ढक कर पकाएँ।





6) पक जाने पर हरा धनिया डाले और ठंडा होने दे, चीलो की स्टफिंग तैयार है।




7) स्टफ्ड चीले बनाने के लिए पहले तवे को गरम करके उस पर थोड़ा घी डालें फिर एक चमचा दाल पेस्ट डालकर हाथ से या चमचे से फैला ले और चारों तरफ घी डालकर चीला सेक ले इसपर थोड़ा बनी स्टफिंग (मसाला) डालकर थोड़ी सोस व धनिए की खट्टी तीखी चटनी डालकर चीले को बीच से मोडकर काट दें। 









अब प्लेट मे सर्व करे और चाहे तो खट्टी चटनी या सॉस के  साथ खाए।

Friday, 20 April 2018

Hot Recipe Alert - Garlic Thecha - लहसुन ठेचा

लहसुन ठेचा (सूखी चटनी) खाने मे बहुत ही स्वादिष्ट होता है और क्योंकि यह बहुत ही जल्दी बनकर तैयार हो जाता है तो यदि घर मे सौंठ या चटनी नहीं है तो यह ठेचा उनकी कमी पूरी करता है।

मेरी माँ जब भी यह बनाती उस दिन तो हम बच्चे जल्दी से जल्दी खाना तैयार होने का इंतजार करते थे और कहते अम्मा सबसे पहले हमे रोटी देना। माँ के लिए तो सब बच्चे बराबर होते है वह सबकी थाली एक साथ देती। तवे पर ही पांच रोटी एक के नीचे एक करके सेक लेती फिर चूल्हे पर एक एक सेक कर सबकी थाली तैयार कर देती।

सच समय वह नहीं रहा, लेकिन माँ के हाथ की बनी हर चीज का स्वाद आज भी है । लहसुन ठेचा मेरी "अम्मा की रसोई" का एक थोड़ा तीखा वाला जोहर है।

सामग्री -
  • 100 ग्राम हरी मिर्च
  • दो बड़े लहसुन 
  • 1 टी स्पून राई 
  • 1 टी स्पून करी पत्ते का सूखा पाउडर 
  • आठ से दस पत्तिया (करी पत्ते की)
  • नमक स्वाद के अनुसार 
  • 2 टी स्पून तेल


विधि -
1) हरी मिर्च को धोकर डंडी हटा दे और अच्छे से पोछ ले जरा भी पानी नही रहना चाहिए
। दोनो लहसुन को छील ले। 







2) अब लहसुन और मिर्च को एक साथ थोड़ा मोटा कूट ले, मिक्सी मे नही करना है क्योंकि हमे पेस्ट नही चाहिए।





3) कढ़ाई गरम करे और उसमें दो चम्मच तेल डाले। गरम तेल मे राई दाना, करी पत्ता व करी पत्ते का पाउडर और नमक डालकर भून ले।




4) इसमें कुटे हुए लहसुन - हरी मिर्च को डालकर मध्य आंच पर एक मिनट तक भून ले, इसको ढ़कना नही है।




लहसुन ठेचा तैयार है।



टिप्स -

  • इसे आप एक हफ्ते तक रखकर खा सकते है। 
  • पानी जरा भी इस्तेमाल नही करना है। 
  • यदि आप थोड़ा खट्टा खाना पसंद करते है तो खाते समय कुछ बूंदे नींबू की डालकर खा सकते है। 
  • इसे फ्रिज मे ढक कर रखे।
  • तीखा कम खाते है तो मिर्च की मात्रा कम कर सकते है।

Saturday, 7 April 2018

Summer Special - How to make refreshing Aam Panna - आम पन्ना

ये ऐसा ठंडा ठंडा - कूल कूल पेय है जिसे पी कर आप अवश्य ही आम के मौसम को याद करेंगे। मेरे बच्चों को आम पन्ना बहुत पसंद है, पूरी गर्मी मैं इसे अवश्य बनाती हूँ । यदि आप दोपहर को घर से बाहर जा रहे हैं तो इसे अवश्य पी कर निकले, ये आपको लू (गरम हवा) से होने वाले नुकसान से बचाएगा और स्वास्थ्य की दृष्टि से भी यह बहुत उत्तम पेय है।


सामग्री -
  • आधा किलो कच्चा आम (हरा खट्टा) 
  • दो सौ ग्राम गुड़ 
  • एक चम्मच जीरा 
  • चुटकी भर हींग 
  • आधा टी स्पून पुदीना पाउडर या ताजा पिसा एक टी स्पून पुदीना पेस्ट 
  • एक टी स्पून काला नमक
  • आधा टी स्पून सफेद नमक 
  • आधा टी स्पून काली मिर्च पाउडर

विधि -
1) आम को अच्छे से धोकर छील ले 


2) कुकर मे एक गिलास पानी डालकर उसमे आम को उबाल ले।

3) ठंडा होने पर आम को हाथ से दबाकर गूदा निकाल ले।





4) उबाले हुए आम के पानी को इसी मे मिला ले इसके साथ साथ इसमें आधा लीटर ठंडा पानी और मिला लें।



5) गुड़ मे एक कटोरी पानी डालकर गरम कर लें जिससे गुड़ की डली न रहे, गुड़ को छानकर आम के घोल मे मिला दे।





6) जीरा व हींग को हल्का भून कर पीस ले और इसे भी घोल मे मिला लें।अब दोनो नमक, पुदीना, काली मिर्च डालकर चला ले और चम्मच से चखकर देखे यदि नमक व मीठा कम लगे तो आप अपने स्वाद के अनुसार और डाल सकते हैं। 




7) इसे आप फ्रिज मे ठंडा होने रख दें। आप इसे खाने के साथ या चाहें तो सिर्फ खाली भी पी सकते हैं। ये ठंडा ठंडा कूल कूल पेय पीकर बड़ा ही आनंद आता है। मन खुश हो जाता है।




टिप्स -  इसे चार पांच दिन के लिए बनाकर फ्रिज मे रख सकते हैं। यदि आपको गुड़ पसंद नही है तो चीनी का भी बना सकते हैं और अपने स्वाद के अनुसार मसालो की मात्रा कम ज्यादा कर सकते हैं।

Friday, 23 February 2018

Holi Special - मैदे के नमकीन करेले

मैदा एक ऐसा आटा है जिससे आप तरह तरह के पकवान, रोटी, भटूरा बना सकते हैं। आज मैं आपको एक ऐसी चीज़ की रेसिपी बताऊंगी जो देखने मे लगता है कुछ अलग और मुश्किल सा, लेकिन है बहुत ही आसान अबकी होली के पर्व पर मेहमानों को कुछ अलग ढंग का बना कर खिलाऐ। मैदे का नमकीन करेला, आप अवश्य बनाएँ, खुद खाएं और बच्चों को भी खिलाऐं।

सामग्री -
  • 500 ग्राम मैदा 
  • 1 टी स्पून नमक
  • 1 टी स्पून अजवायन
  • 5 टी स्पून रिफाइंड मैदे मे डालने के लिए
  • पानी 
  • तलने के लिए तेल

विधि -
  1. मैदे को छान ले 
  2. इसमें नमक और अजवायन डाले 
  3. थोड़ा तेल डालकर सबको मिलाएँ 
  4. फिर थोड़ा थोड़ा पानी डालकर पूरी जैसा चिकना आटा कर ले और दस मिनट के लिए ढ़क कर रख दे ।
  5. अब हाथ से चिकना करके छोटी छोटी लोई बनाए, हर लोई को मठरी से कुछ बड़े आकार मे बेले ।
  6. चाकू से एक पूरी लंबाई मे, लंबा लंबा काटे, याद रहे कौने न कटे
  7. फिर लंबाई के दोनो कोनो को सावधानी से पकड़कर दाए हाथ के सिरे को आगे की तरफ व बाऐ हाथ को पीछे तरफ हल्का घुमाना है इससे करेले की तरह दिखाई देगा (वीडियो को देखें, पूरी विधि बताई है)।
  8. ऐसे ही सबको बनाकर रख ले, तेल गरम करे और सेक ले,आंच को मध्यम ही रखना है ।
  9. गरम गरम चाय के साथ बहुत ही स्वादिष्ट लगता हैं मैदे के नमकीन करेले।

टिप्स - आप इसे बनाकर दस दिन तक रखकर खा सकते हैं, सफर मे भी ले जा सकते है, घर की बनी शुद्ध चीज है, इससे पेट भी भर जाता है।

Tuesday, 13 February 2018

Valentine's Day Special - Coco Choco Swirl - Recipe - कोको चोको स्वर्ल


एक ऐसी मिठाई जो मेरे घर मे सभी को बहुत पसंद है इसको बनाने मे गैस व तेल की जरूरत नही पड़ती, एक बार जरूर बना कर खाए।

सामग्री -
  • मीठे बिस्किट ( टाइगर बिस्किट हो तो ज्यादा अच्छा है) - 250 ग्राम, इन्हें मिक्सर मे बारीक पाउडर बनाना है
  • 150 ग्राम सूखे नारियल का पाउडर
  • पांच चम्मच ठंडी व गाढी़ मलाई
  • तीन चम्मच बारीक पिसी हुई चीनी
  • एक से सवा चम्मच कोका पाउडर (बिना चीनी वाला)
  • बटर/ प्लास्टिक पेपर - 3


विधि -
1) बिस्किट के पाउडर को बड़े बाउल मे कर ले।


इसमें एक चम्मच पिसी चीनी, एक चम्मच मलाई व एक से सवा चम्मच कोका पाउडर डालकर रोटी जैसा डो तैयार कर ले। यदि गीला कम लगता है तो थोड़ी मलाई और डाल सकते है लेकिन डो सख्त ही रहेगा।







3) इसी तरह नारियल के पाउडर को अलग बाउल मे ले इसमे दो चम्मच पिसी चीनी व दो चम्मच गाढ़ी मलाई डालकर डो तैयार कर ले।








4) एक प्लास्टिक चकले या उल्टी थाली पर रखकर बिस्किट के डो को रख दे और उसके ऊपर दूसरी प्लास्टिक / बटर पेपर रखकर हाथ से धीरे धीरे दबाकर व बेलन से  रोटी से बड़े आकार का बेल ले ऊपर का प्लास्टिक हटाकर टूटे कोनो को ठीक कर सकते है इसे हाथ से उठाना नही है प्लास्टिक को घुमा घुमाकर बेलना है।

5) इसी तरह अब नारियल के डो को बेलना है लेकिन पहले वाले से जरासा छोटा। दोनों रोटी की नीचे की प्लास्टिक नही हटानी है, बेलने के बाद ऊपर की प्लास्टिक अवश्य हटा दे।










6) अब आपको बड़ी सावधानी से नारियल की रोटी को नीचे की प्लास्टिक के साथ उठाकर बिस्किट की रोटी के ऊपर डालना है (फैलाना है) ।
इसे आप वैसे ही डालेंगे जैसे रोटी को तवे पर डालते है।





7) अब नारियल वाली प्लास्टिक उपर हो जाएगी उसे हटा दे, बिस्किट के नीचे वाली प्लास्टिक को धीरे धीरे रोल करना है याद रहे रोल करते समय प्लास्टिक के साथ लेना है जरा सा रोल करते ही हल्की दबी प्लास्टिक को निकालते जाएंगे नही तो वह उसी मे लिपट जाएगी।





8) पूरा रोल होने के बाद हल्के हाथ से कोने दबा दे, अब आप इसे पांच मिनट के लिए फ्रीजर मे रख दे।

9) थोड़ा कड़क होने पर प्लास्टिक हटा दें और किसी पैेने चाकू से काट ले, बहुत ही स्वादिष्ट मिठाई तैयार है।





टिप्स - मिठाई को फ्रिज मे ही रखना है जब आपको खाना हो तभी निकाले,मलाई के कारण बाहर रहने पर यह सोफ्ट हो जाती है। इसे आप बचे हुए बिस्किट के चूरे से भी बना सकते है लेकिन नमकीन बिस्किट नही होना चाहिए। स्वाद के अनुसार चीजों की मात्रा को कम ज्यादा कर सकते है, बिस्किट मीठे है इसी कारण उसमें एक चम्मच चीनी पाउडर डाला है।